क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई शुरू गुना (ईएमएस)। जिले की फतेहगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान डीएपी खाद से भरा एक वाहन पकडक़र बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन से 150 कट्टे डीएपी खाद के बरामद किए हैं। फिलहाल वाहन को थाने में खड़ा करवाकर कृषि एवं राजस्व विभाग को सूचना दी गई है। एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर आगामी त्योहारों को देखते हुए 26-27 मई की रात जिलेभर के थानों में सघन वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा छबड़ा की ओर से आ रहे एक टाटा वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद के कट्टे भरे मिले। पुलिस द्वारा वाहन चालक से खाद परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया। एसडीओपी ने बताया कि मामले की जानकारी कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग को दे दी गई है। संबंधित विभागों के अधिकारियों के पहुंचने के बाद खाद की वैधता और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।