जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के अकलतरा पोस्ट ऑफिस में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सहायक डाकपाल को 19 लाख 21 हजार रुपये के गबन और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष, निवासी बलौदा) ने चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर गबन किया। यह मामला तब सामने आया जब खाताधारकों ने अनियमितताओं की शिकायत की, जिसके बाद संयुक्त जांच टीम गठित की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से शेयर मार्केट में निवेश कर रहा था, जहां उसे भारी नुकसान हुआ और वह कर्ज में डूब गया। बताया जा रहा है कि उस पर लगभग 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज था, जिसमें बैंक और पोस्ट ऑफिस से लिए गए लोन भी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2021 से शेयर बाजार में ट्रेडिंग कर रहा था और नुकसान बढ़ने के बाद उसने खाताधारकों के फर्जी लेनदेन शुरू कर दिए। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और शेयर मार्केट से जुड़े ऐप्स के दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने करीब 40 लाख रुपये शेयर बाजार में गंवाए और गबन की गई राशि का उपयोग कर्ज चुकाने में किया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। - (ईएमएस) 27 मई 2026