क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी बालोद(ईएमएस)। रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला के पास पुलिस ने मंगलवार को नाकेबंदी के दौरान एक कार से करीब 65 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद राशि 500-500 रुपये के नए नोटों के रूप में दो अलग-अलग बैग में रखी हुई थी। पुलिस के अनुसार, कार में सवार व्यक्ति की पहचान बालोद निवासी व्यापारी अमित जैन के रूप में हुई है। वह केशकाल से नकदी लेकर बालोद लौट रहे थे। जांच के दौरान जब उनसे रकम से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली और मामले की सूचना एसडीएम, तहसीलदार और आयकर विभाग को दे दी गई है। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद नोटों की गिनती पूरी की गई। अब इस राशि को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले भी बालोद जिले में नकदी बरामदगी के बड़े मामले सामने आ चुके हैं। नवंबर 2025 में पुलिस ने पड़कीभाट बाइपास के पास एक महाराष्ट्र पासिंग कार से लगभग 3 करोड़ रुपये जब्त किए थे। उस मामले में भी रकम के स्रोत का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका था, जिसके बाद जांच आयकर विभाग को सौंप दी गई थी। उस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। पुलिस अब दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है कि इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या है और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मई 2026