क्षेत्रीय
27-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जिले में पेंशन, पेयजल संकट, बिजली कटौती और स्वास्थ्य सुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने इन सभी जनहित समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिले में गरीब, वृद्ध, विधवा, निराश्रित और दिव्यांग हितग्राहियों को पिछले करीब छह महीने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिल रही है। इससे जरूरतमंद लोगों को दवाइयों और दैनिक खर्चों के लिए गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान एक विधवा महिला और एक दिव्यांग हितग्राही भी अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस पर कलेक्टर ने बताया कि केंद्रांश राशि प्राप्त हो रही है, लेकिन राज्यांश राशि नहीं मिलने के कारण पेंशन भुगतान में देरी हो रही है। उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। कांग्रेस ने शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत करने पर विभाग से संपर्क न होने की भी बात कही गई। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिया कि बिजली बाधित होने की स्थिति में सीधे उन्हें सूचना दी जाए और बताया कि लाइन लंबी होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे वैकल्पिक व्यवस्था से दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को रोजमर्रा की जरूरत के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों की सूची बनाकर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीनों के खराब होने का मुद्दा भी उठाया, जिससे मरीजों को निजी केंद्रों में महंगे दाम पर जांच करानी पड़ रही है। इस पर कलेक्टर ने जल्द मशीनें दुरुस्त कराने का भरोसा दिलाया। - (ईएमएस)27 मई 2026