कोरबा (ईएमएस)। जानकारी के अनुसार कोरबा-चाम्पा सड़क मार्ग मे बसे ग्राम कनकी जोगी में ग्रामीण महिलाओं ने अवैध रेत उत्खनन का आरोप लगा उसके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ी कार्यवाही की। ग्रामीण महिलाओं ने अवैध रूप से रेत निकालने के आरोप में दो जेसीबी मशीन और एक हाइवा वाहन को मौके पर पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि वे शासन द्वारा अधिकृत रेत घाट से खनन नहीं कर रहे हैं, बल्कि चोरी-छिपे दूसरे स्थानों से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि लंबे समय से ग्राम के आसपास अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी हैं। घटना के बाद ग्राम में भारी आक्रोश व्याप्त हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध रेत उत्खनन पर जल्द रोक नहीं लगी तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। - 27 मई