- गर्मी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने की आशंका - पहले भी कई मासूमों को लील चुका है यह तालाब! गढ़वा (ईएमएस)। जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित कुंबा गांव के अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब में दोनों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार पतरिहा कला गांव के हरिजन टोला निवासी 8 वर्षीय प्रियांशु कुमारी, पिता राजू राम, और 10 वर्षीय रेशमा कुमारी, पिता परमेश्वर राम, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने निकली थीं। देर शाम तक दोनों बच्चियां वापस नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब किनारे पहुंचे तो उन्होंने तालाब में दो शव तैरते देखा। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आशंका है कि भीषण गर्मी के कारण दोनों बच्चियां तालाब में नहाने उतरी होंगी। संभवतः उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था, जिसके कारण वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तालाब में कई हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। रामयश/ईएमएस 27 मई 2026