- डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता है युवक - वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद दबोचा गया हैदराबाद (ईएमएस)। बंजारा हिल्स इलाके में सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले 19 वर्षीय युवक के खिलाफ पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी का स्कूटर जब्त कर उसे नोटिस भी जारी किया है। जानकारी के अनुसार, बंजारा हिल्स थाने के कांस्टेबल वाईबी प्रसाद ने सोमवार शाम शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे कुछ रील्स देखे, जिनमें एक युवक शहर के विभिन्न इलाकों, खासकर केबीआर नेशनल पार्क और शमीरपेट के पास सड़कों पर स्कूटर से खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा था। वीडियो में दिख रहे स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी 19 वर्षीय मोहम्मद शादाब है, जो बंजारा हिल्स रोड नंबर-5 स्थित देवरकोंडा बस्ती का रहने वाला है और डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता है। पुलिस के अनुसार, शादाब बिना ड्राइविंग लाइसेंस के सार्वजनिक सड़कों पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ सकती थी। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बंजारा हिल्स के इंस्पेक्टर एस. सुहासन ने बताया कि आरोपी स्कूल छोड़ चुका है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। पुलिस ने स्कूटर को जब्त कर लिया है, जो उसकी मां के नाम पर पंजीकृत है। अधिकारियों का कहना है कि बिना लाइसेंस वाले युवक को वाहन चलाने देने के मामले में उसकी मां के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। रामयश/ईएमएस 27 मई 2026