क्षेत्रीय
27-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और क्षणिक गुस्से में बेटे ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-04 तिल्दा नेवरा की है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच शराब पीने और घर पर अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन कराने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से संतू कोठारी की मौत हो गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। उसने घटनास्थल की सफाई कर मृतक के शव को खाट पर लिटा दिया था। सूचना मिलने के बाद तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण तथा घटनास्थल निरीक्षण की कार्रवाई की। जांच के दौरान आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू (33 वर्ष) ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। - (ईएमएस)27 मई 2026