क्षेत्रीय
27-May-2026
...


गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में एक होटल के भीतर हुए सनसनीखेज हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी ने एक ही परिवार के चार लोगों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया, जिसमें महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके पति और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान 45 वर्षीय छबनीता यादव के रूप में हुई है। घटना देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुबह के समय आरोपी देवी सिंह होटल पहुंचा और कथित रूप से महिला पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले आरोपी वारदात को अंजाम दे चुका था। बताया जा रहा है कि महिला को बचाने के दौरान उसके पति और दोनों बेटे भी हमले की चपेट में आ गए। बेटे की गर्दन और पति के पेट पर भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल परिजनों को उपचार के लिए देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है। - (ईएमएस)27 मई 2026