क्षेत्रीय
27-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद एक 17 वर्षीय किशोर को माथे पर गोली मार दी गई। घटना उस समय हुई, जब पीड़ित अपने दोस्तों के साथ एक फूड स्टॉल पर खाना खा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अगर आपकी इनसे जरा सी भी कहासुनी हो जाए तो ये बात नहीं करते, बल्कि सीधे माथे पर गोली मार देते हैं। ऐसा ही एक मामला साउथ दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में देखने को मिला। कॉलोनी के ही ‘जाट साहब’ चाप वाले की दुकान पर एक नाबालिग अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहा था, तभी कुछ युवक पास से गुजरते हैं। बताया जा रहा कि पीड़ित की कुर्सी से आरोपी टच हुआ। उसी के बाद दोनों में कहासुनी हुई। पहले तो आरोपी चले गए, लेकिन बाद में वापस लौटे और पीड़ित के सीधे माथे में गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि अमर कॉलोनी इलाके में गोलीबारी की घटना को लेकर मंगलवार शाम 7:54 पर अमर कॉलोनी थाने में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें इलाके में एक खाने की दुकान पर गोलीबारी की घटना की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसएचओ और एसीपी साथ मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित को पहले ही मूलचंद अस्पताल ले जाया जा चुका था। तुरंत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित को वेंटिलेटर सपोर्ट पर बेहोशी की हालत में पाया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/27/ मई/2026