नई दिल्ली (ईएमएस)। खजूरी खास इलाके में अज्ञात बदमाशों ने गोलियां मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकिब के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। खजूरी खास थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाशों ने करीब 8 राउंड गोलियां चलाई, तीन गोलियां युवक को लगी। जान गंवाने वाले युवक पर भी कई आपराधिक केस दर्ज थे। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि खजूरी खास में एक युवक को गोलियां मारी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है रंजिश में हत्या को अंजाम दिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। - नई दिल्ली/ईएमएस/27/ मई/2026