क्षेत्रीय
27-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के सड्डू क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। स्कूल जा रहे छात्र को तेज रफ्तार पानी टैंकर ने कुचल दिया, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महावीर शर्मा के रूप में हुई है, जो सड्डू के LIG सेक्टर-1 का निवासी था। वह रोज की तरह स्कूल जा रहा था, तभी विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड्डू स्कूल के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और CCTV फुटेज के मुताबिक, तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे पैदल चल रहे छात्र को टक्कर मार दी और उस पर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच्चा कुछ सेकंड के लिए उठने की कोशिश करता दिखा, लेकिन फिर वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र ने दम तोड़ दिया था। टैंकर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि टैंकर और उसके चालक की पहचान की जा सके। एक फुटेज में हादसे से कुछ सेकंड पहले एक बाइक सवार भी दिखाई दिया है, जिससे पुलिस को संदेह है कि उसकी गतिविधियों के कारण छात्र अचानक टैंकर के सामने आ गया हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के बाद सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचा बाइक सवार कौन था। फिलहाल विधानसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार टैंकर चालक की तलाश तेज कर दी है। - (ईएमएस) 27 मई 2026