क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- टकनेरा जाने की जगह फ्लाईओवर पर चढ़े, मोडऩे के दौरान हुआ हादसा गुना (ईएमएस)।जिले के म्याना थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात दर्दनाक सडक़ हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों युवक मोटरसाइकिल से गुना से टकनेरा गांव की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर म्याना फ्लाईओवर पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि बाइक मोडऩे के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। कई फीट ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है। दोनों युवक गड़रिया समाज से थे और आपस में मामा-भांजे लगते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे म्याना से नीचे उतरकर टकनेरा जाने वाले रास्ते की बजाय सीधे फ्लाईओवर पर चढ़ गए थे। संभवत: रास्ता समझ आने पर बाइक मोडऩे की कोशिश की गई, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बाइक सहित दोनों नीचे गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कल्ला पुत्र इमरत पाल उम्र 36 साल निवासी बदरवास जिला शिवपुरी तथा नीरज पुत्र भूरा बघेल उम्र 20 साल निवासी ग्राम टकनेरा थाना म्याना जिला गुना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव और परिजनों में शोक का माहौल बना हुआ है।