कांकेर (ईएमएस)। जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र की चौकी हल्बा पुलिस ने आठ माह पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में गांव की सरपंच सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन बिक्री से मिली रकम हड़पने के लिए वृद्ध की जहर देकर हत्या की गई थी। जानकारी के अनुसार, ग्राम झुमरपाली निवासी मिलन पटेल (75) की 29 जुलाई 2025 को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में जहर सेवन की आशंका सामने आने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मृतक की बेटी मंगली बाई ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने जमीन बिक्री से मिली करीब 16 लाख 50 हजार रुपये की राशि गांव की सरपंच के घर रखी थी। इसी जानकारी के बाद पुलिस ने मामले की दिशा में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया कि सरपंच कंश राम नेताम, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी सहित अन्य आरोपियों की नजर उस रकम पर थी। आरोप है कि सभी ने मिलकर पूरी साजिश रची और वृद्ध को ठगने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2025 को मिलन पटेल को आरोपियों ने अपने घर बुलाया, जहां उन्हें शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच में तकनीकी साक्ष्य और परिजनों के बयानों को अहम आधार बनाया गया, जिसके बाद पुलिस ने सरपंच सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। - ईएमएस / 27 मई 2026