क्षेत्रीय
27-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। चिलचिलाती धूप, सूखी नदियां और पानी के लिए जूझते ग्राम, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में यही तस्वीर है। लेकिन इसी तपते माहौल के बीच कोरबा जिले का एक ऐसा ग्राम भी है, जहां धरती के भीतर जैसे कोई अनदेखा जलसागर पल रहा हो, वह बिना रुके बिना थमे बाहर आता रहता है। ग्राम पंचायत पोंडी-उपरोड़ा ब्लॉक का सुदूर ग्राम तलमली इन दिनों अपने इसी रहस्य के कारण चर्चा में है। जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित इस ग्राम के पास पहुंचते ही एक पतली मगर लगातार बहती जलधारा दिखाई देती है। पहली नजर में यह सामान्य धारा लगती है, लेकिन जैसे-जैसे आप इसे समझने की कोशिश करते हैं, रहस्य गहराता जाता है। गर्मी अपने चरम पर हो… आसपास की जमीन दरारों से भरी हो… पेड़ों की पत्तियां झुलस रही हों फिर भी यह जलधारा उतनी ही स्थिर और प्रचुर बनी रहती है। न इसका वेग घटता है, न प्रवाह रुकता है। सबसे बड़ा रहस्य यही है कि आखिर यह पानी आता कहां से है ? ग्रामीण बताते हैं कि उन्होंने कई बार इसके स्रोत को खोजने की कोशिश की किसी ने जमीन खोदकर देखा, तो किसी ने ऊपर के पहाड़ी हिस्सों का निरीक्षण किया, लेकिन हर बार सिर्फ एक ही नतीजा मिला कोई स्पष्ट स्रोत नहीं। बुजुर्गों का कहना है कि उनके पूर्वजों के समय से ही यह जलधारा इसी तरह बह रही है। यानी यह सिर्फ कुछ वर्षों या दशकों का नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चला आ रहा एक अनसुलझा रहस्य है। - विज्ञान की नजर में क्या हो सकता है कारण ? हालांकि इस जलधारा पर अब तक कोई विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन नहीं हुआ है, लेकिन जानकार इसे भूमिगत जलस्रोत (अंडरग्राउंड एक्विफर) या चट्टानों के बीच दबे प्राकृतिक जल भंडार से जोड़कर देखते हैं। संभव है कि पहाड़ी क्षेत्र में संचित वर्षा जल किसी अदृश्य मार्ग से लगातार बाहर निकल रहा हो।फिर भी बिना किसी मौसमी बदलाव के सालभर एक समान प्रवाह बनाए रखना इस धारा को सामान्य जलस्रोतों से अलग और ज्यादा रहस्यमयी बना देता है। - रहस्य से जुड़ी आस्था इस जलधारा के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर ने इस रहस्य को आस्था का रूप भी दे दिया है। स्थानीय लोग इसे भगवान शिव का आशीर्वाद मानते हैं। मान्यता है कि यह जलधारा गांव की रक्षा करती है और कभी सूखती नहीं। श्रद्धालु यहां आकर जल चढ़ाते हैं और इस धारा को ‘जीवनधारा’ मानकर पूजा करते हैं। कई लोगों का दावा है कि यहां की जलधारा का पानी विशेष रूप से शीतल और शुद्ध होता है। - रहस्य बरकरार… बढ़ता जा रहा आकर्षण आज भी यह सवाल जस का तस खड़ा है क्या यह प्रकृति का अनोखा खेल है, भूमिगत विज्ञान का कमाल या सच में कोई दिव्य चमत्कार ? जवाब भले ही अब तक न मिला हो, लेकिन एक बात तय है कोरबा का ग्राम तलमली अब सिर्फ एक ग्राम नहीं, बल्कि एक ऐसा रहस्य बन चुका है, जिसे हर कोई अपनी आंखों से देखना चाहता है। - 27 मई