घर से नहाने की बात कहकर निकले थे, पुलिस-ग्रामीणों ने निकाला शव मंडला (ईएमएस)। जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के कुनबी टोला गांव में एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार शाम से लापता महेश वरकड़े (50) का शव बुधवार सुबह तालाब से बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, महेश वरकड़े मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से तालाब में नहाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब किनारे उनके कपड़े मिलने के बाद अनहोनी की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास इकट्ठा हो गए। बम्हनी बंजर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई। हालांकि अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों की टीम ने तालाब से शव बाहर निकाला। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बम्हनी बंजर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस / 27/05/2026