क्षेत्रीय
27-May-2026
...


बीजापुर (ईएमएस)। जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान योजना) के तहत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के अंतर्गत विकासखंड भैरमगढ़ और उसूर के महिला समूहों को वाहन प्रदान किए। बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विकासखंड भैरमगढ़ के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) को एक वाहन तथा विकासखंड उसूर के सीएलएफ को तीन वाहन उपलब्ध कराए गए। बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को मजबूत करने के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। योजना के माध्यम से समूहों की आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। इस योजना से दूरदराज ग्रामीण इलाकों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलेगा। इससे समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सुधीर जैन/चंद्राकर/27 मई 2026