रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के थाना कोतवाली में जप्त माल के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी प्रबंधन के लिए ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक व्यवस्था का उद्घाटन एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने किया। यह अभिनव प्रणाली डीसीपी सेंट्रल ज़ोन अंतर्गत थाना कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह गहरवार एवं मालखाना मुहर्रिर प्रेमसागर नेताम के संयुक्त प्रयासों से विकसित की गई है। कार्यक्रम के दौरान ई-मालखाना प्रणाली का विस्तृत डेमो प्रस्तुत किया गया, जिसमें जप्त सामग्रियों के डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज संधारण और रिकॉर्ड ट्रैकिंग प्रणाली की जानकारी दी गई। डेमो के समय डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता (IPS), डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर (IPS) तथा एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ई-मालखाना लागू करने से पहले थाना कोतवाली में मौजूद समस्त जप्त माल का भौतिक सत्यापन कराया गया। इसके बाद मालखाने को वैज्ञानिक तरीके से रैकवाइज व्यवस्थित करते हुए A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया, ताकि प्रत्येक सामग्री की लोकेशन और रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके। साथ ही सभी जप्त वस्तुओं पर बारकोड लगाए गए और उनका सॉफ्टवेयर आधारित डिजिटल पंजीयन किया गया। इससे जप्त वस्तुओं को जमा करने, निर्गत करने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित खोज करने की प्रक्रिया बेहद आसान और समयबद्ध हो जाएगी। नई प्रणाली के माध्यम से जप्त माल की आवक-जावक, हैंडलिंग और रिकॉर्ड की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। इससे चेन ऑफ कस्टडी को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने में मदद मिलेगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/27 मई 2026