- बाबा का मनोहारी श्रंगार किया गया। शाजापुर (ईएमएस)। पवित्र अधिकमास के शुभ मौके पर नगर के धानमंडी चौराहा स्थित बाबा ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस पावन पर्व पर भगवान भोलेनाथ का अत्यंत मनमोहक और अलौकिक नीलकंठ स्वरूप् में श्रृंगार किया गया। बाबा के इस दिव्य रूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर के मुख्य पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी द्वारा बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा ओंकारेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया, जिसके पश्चात उन्हें आकर्षक नीलकंठ स्वरूप में सजाया गया। पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि हिंदू धर्म में अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के दौरान भगवान शिव की आराधना और विशेष पूजा का अत्यधिक महत्व माना गया है। विषपान कर सृष्टि को बचाने वाले महादेव के नीलकंठ स्वरूप का श्रृंगार क्षेत्र की सुख-शांति और विश्व कल्याण की कामना के साथ किया गया। नीले वर्ण, सुगन्धित पुष्पों, चंदन और भस्म से सजे बाबा के इस अद्भुत और मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर भक्तों ने स्वयं को धन्य माना और धर्म लाभ लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय श्री नीलकंठ के जयकारों से गूंज उठा। दर्शनार्थियों ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से बाबा ओंकारेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 27 मई 2026