राष्ट्रीय
27-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक कर परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सरकार का कहना है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय तरीके से कराई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रश्नपत्र की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही फर्जी टेलीग्राम चैनलों और पेपर लीक गिरोहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के अनुसार नीट-यूजी 2026 का री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 जून से जारी किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुबोध/२७ -०५-२०२६