राष्ट्रीय
27-May-2026


बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की जगह डीके शिवकुमार को जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है। हालांकि यह बदलाव जितना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी होगा। दरअसल कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के भीतर संतुलन बनाए रखने की होगी। सिद्धारमैया का कर्नाटक में ओबीसी और ग्रामीण वर्ग में मजबूत जनाधार माना जाता है, जबकि डीके शिवकुमार संगठन और संसाधनों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन के बाद दोनों खेमों के बीच सामंजस्य बनाए रखना आसान नहीं होगा। इसके अलावा डीके शिवकुमार के सामने मंत्रिमंडल विस्तार और नए समीकरण बनाने की चुनौती भी रहेगी। खबरों के मुताबिक कांग्रेस 25 से अधिक मंत्रियों को बदलने या नई जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। इससे कई नेताओं की नाराजगी बढ़ सकती है। पार्टी आलाकमान राजस्थान जैसे हालात से बचना चाहता है, जहां अंदरूनी खींचतान ने सरकार को कमजोर किया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें प्रशासनिक स्थिरता, क्षेत्रीय संतुलन और आगामी चुनावों की तैयारी तीनों मोर्चों पर खुद को साबित करना होगा। वहीं कांग्रेस अभी सार्वजनिक तौर पर किसी भी बदलाव से इनकार कर रही है। पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। सुबोध/२७ -०५-२०२६