राष्ट्रीय
27-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की सामरिक शक्ति, सैन्य आधुनिकीकरण और रक्षा आत्मनिर्भरता पर आधारित चर्चित पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक: भारत की रक्षा क्रांति’ के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक योगेश कुमार गोयल को आगामी 28 जून को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान की घोषणा करते हुए ‘एनएडी’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने बताया कि रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर गहन शोध एवं विश्लेषणात्मक लेखन के लिए योगेश गोयल को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले 36 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके योगेश गोयल की यह पुस्तक फरवरी 2026 में प्रकाशित हुई थी, जिसे पाठकों, रक्षा विशेषज्ञों और राष्ट्रीय मीडिया में व्यापक सराहना मिली। 300 पृष्ठों की इस शोधपरक कृति में भारत की सैन्य तकनीक, अंतरिक्ष रक्षा क्षमता, सामरिक नीतियों, स्वदेशी हथियार निर्माण और आधुनिक सुरक्षा ढ़ांचे का व्यापक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक की गंभीरता और उपयोगिता को देखते हुए हिन्दी अकादमी दिल्ली द्वारा इसके प्रकाशन हेतु 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की गई। योगेश गोयल की पूर्व प्रकाशित पुस्तकों को भी राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रशंसा मिल चुकी है। ईएमएस/27/05/2026