क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- नगर निगम व द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट ने की पहल - राहगीरों को मिलेगी शीतल पेयजल की सुविधा कोरबा (ईएमएस) भीषण गर्मी में आम नागरिकों और राहगीरों को राहत देने के लिए नगर निगम एवं द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के संयुक्त सौजन्य से मानव सेवा जल केंद्र का शुभारंभ किया गया। जल केंद्र का उद्घाटन महापौर संजू देवी राजपूत ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस तपती गर्मी में शीतल जल उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। नगर निगम सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्य लगातार करता रहेगा। द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह जल केंद्र मुख्य मार्ग पर स्थापित किया गया है ताकि अधिक से अधिक राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंदों को ठंडा पेयजल मिल सके। यहां शुद्ध और ठंडा पानी नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडे, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, भाजपा अल्प संख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरीफ खान, वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह, तरुण राठौर, दीपनारायण सोनी, श्रीजीत नायर, ट्रस्ट के सदस्य प्रीतम जायसवाल, रेणु जायसवाल एवं बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। जल केंद्र शहर के मुख्य मार्ग कोर्ट परिसर के सामने लगाया गया है ताकि ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके। महापौर ने ट्रस्ट के सामाजिक कार्य की प्रशंसा की और अन्य संस्थाओं से भी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को जल सेवा कराकर शुभारंभ किया गया। 28 मई / मित्तल