मुंबई,(ईएमएस)। अभिनेत्री सेलिना जेटली की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहे विवादों के बीच, उन्हें पति पीटर हाग और ससुर वोल्फगैंग जे. हाग ने दो अलग-अलग कानूनी नोटिस भेज दिए हैं। मुंबई स्थित विधि फर्म ने पुष्टि की है कि ये नोटिस सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया माध्यमों से उन बातों के संबंध में जारी किए गए हैं, जिन्हें हाग परिवार ने भ्रामक, असत्य और मानहानिकारक बताया है। पहला नोटिस ससुर वोल्फगैंग जे. हाग ने भेजा है, जबकि दूसरा स्वयं पति हाग ने अपने और अपने तीन नाबालिग बच्चों के हितों की सुरक्षा में जारी किया है। परिवार का आरोप है कि बीते कुछ समय से सार्वजनिक मंचों पर उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि हाग और सेलिना जेटली के बीच वैवाहिक विवाद और बच्चों की कस्टडी से जुड़े मामले वर्तमान में ऑस्ट्रिया की अदालतों में विचाराधीन हैं। न्यायिक प्रक्रिया जारी होने के बावजूद, मामले से जुड़े कई बयान, इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट सार्वजनिक किए गए, जिसमें हाग परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए। हाग परिवार का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से परहेज किया, ताकि संवेदनशील मुद्दों का समाधान कानूनी प्रक्रिया से किया जा सके। हालांकि, लगातार लग रहे सार्वजनिक आरोपों और मीडिया में उनके प्रसार के चलते अब कानूनी कदम उठाना जरूरी हुआ था। नोटिस में उन आरोपों का विशेष रूप से खंडन किया गया है, जिसमें हाग को हिंसक, अपमानजनक या डराने-धमकाने वाला बताया गया है। इसके अलावा, बच्चों को छिपाने, उनकी सोच को प्रभावित करने या ब्रेनवॉश करने, उत्पीड़न करने और धर्म से जुड़े कुछ आरोपों को भी परिवार ने पूरी तरह निराधार बताया है। बच्चों की निजता और मानसिक स्थिति पर परिवार ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि लगातार सार्वजनिक चर्चाओं, तस्वीरों को पोस्ट करने और निजी मामलों को मीडिया में लाने से बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उनका मानना है कि बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों को गोपनीयता से निपटाया जाना चाहिए, न कि सार्वजनिक बहस या मीडिया ट्रायल का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। मामले पर प्रतिक्रिया देकर विधि फर्म से जुड़े एक व्यक्ति ने कहा, महिलाओं की सुरक्षा के कानून महत्वपूर्ण हैं, लेकिन किसी भी वैवाहिक विवाद को बिना पुष्टि के आरोपों और सार्वजनिक अभियानों के जरिए मीडिया ट्रायल में बदलना उचित नहीं है। परिवार ने साफ किया है कि यदि नोटिस में उल्लिखित मांगों का पालन नहीं किया गया, तब वे आगे आपराधिक कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं। हाग फैमिली के अनुसार, उनकी प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, मानसिक स्वास्थ्य और निजता बनाए रखना है। आशीष दुबे / 31 मई 2026