राष्ट्रीय
31-May-2026


गाजियाबाद,(ईएमएस)। गाजियाबाद में राष्ट्रीय पैरा एथलीट और स्वर्ण पदक विजेता चिराग त्यागी की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके ही दोस्त और साथी खिलाड़ी यश खटीक को हिरासत में ले लिया है, यश ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। यश ने बताया कि चिराग की शिकायत के कारण उसका दस्तावेज सत्यापन रद्द हुआ था और प्रतियोगिताओं से अयोग्य घोषित किया गया था, इसी बदले की भावना से चिराग की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे साई कुंज इलाके में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान 24 वर्षीय पैरालम्पिक खिलाड़ी चिराग त्यागी के रूप में हुई। शव पर गोली लगने के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और इसके आधार पर संदिग्ध यश खटीक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान यश खटीक ने कबूल किया कि वह भी पैरालम्पिक खिलाड़ी है और पहले चिराग त्यागी के साथ अभ्यास करता था। दोनों एथलेटिक्स में ब्लाइंड कैटेगरी के तहत प्रतिस्पर्धा करते थे। यश ने बताया कि चिराग ने उसके दस्तावेज सत्यापन के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, इसके परिणामस्वरूप उसका क्वालिफिकेशन रद्द हुआ था। इस बात से यश बेहद नाराज था और बदला लेने की नीयत से उसने पिस्टल से गोली मारकर चिराग की हत्या कर दी। चिराग गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर सेथली गांव के निवासी थे और अपने पिता मनोज त्यागी के इकलौते बेटे थे। दो दिन पहले ही चिराग ने बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर जापान में होने वाले पैरा एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया था। वह आठवीं इंडियन नेशनल ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता के भी विजेता थे। पुलिस टीमें हत्या में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के लिए भेजी गई हैं और अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आशीष दुबे / 31 मई 2026