- दो युवक गंभीर रूप से झुलसे - एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू बोकारो (ईएमएस)। बोकारो के एलएच इलाके में देर शाम एक अवैध डीजल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी पहचान स्थानीय निवासी भाना झा और हैसाबातू के महबूब आलम के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक, यह गोदाम रिहायशी इलाके में चोरी-छिपे चलाया जा रहा था और इसकी जानकारी बेहद सीमित लोगों को थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक गोदाम से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। इसी बीच दोनों युवक झुलसी हालत में बाहर निकले, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों का इलाज जारी है, लेकिन एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। समय रहते नियंत्रण मिलने से आसपास के घरों को बड़ी तबाही से बचा लिया गया, हालांकि पूरी घटना के दौरान इलाके में दहशत का माहौल रहा। इस हादसे ने घनी आबादी के बीच चल रहे अवैध डीजल भंडारण और सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और इस अवैध नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। - ईएमएस 31 मई 2026