ज़रा हटके
02-Jun-2026
...


-कई वेबसाइटों के जरिए बेचता था रसायन, 40 देशों में भेजे 1200 पैकेट टोरंटो,(ईएमएस)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के न्यूमार्केट स्थित न्यायालय में 60 साल के केनेथ लॉ ने आत्महत्या में मदद करने और घातक पदार्थ बेचने से जुड़े मामलों में गुनाह कुबूल किया। गहरे रंग का ब्लेज़र और सफेद शर्ट पहने लॉ कोर्ट में पेश हुआ और उसने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को माना। समझौते के तहत अभियोजन पक्ष उसके खिलाफ लगाए गए 14 हत्या के आरोप वापस लेगा। मामले में सजा सुनाने की तारीख सितंबर तय की गई है। कोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजकों ने उन लोगों के अंतिम क्षणों का विवरण प्रस्तुत किया जिन्होंने लॉ द्वारा बेचे गए घातक पदार्थ का सेवन किया था। कनाडा और कई अन्य देशों की जांच एजेंसियों के मुताबिक लॉ का संबंध दुनिया भर में 100 से ज्यादा आत्महत्याओं से जोड़ा गया है। कनाडा में उसके खिलाफ दर्ज मामला ओंटारियो के 14 पीड़ितों से जुड़ा है, जिनकी उम्र 16 से 36 साल के बीच थी। सुनवाई में पीड़ित परिवारों के कई सदस्य कोर्ट में मौजूद थे और अभियोजक की बात सुनते हुए भावुक हो गए। कनाडाई पुलिस के मुताबिक लॉ कई वेबसाइटों के जरिए एक ऐसा रसायन बेचता था जिसका इस्तेमाल सामान्यतः मांस को संरक्षित करने के लिए किया जाता है, लेकिन ज्यादा मात्रा में सेवन करने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। रिपोर्ट केक मुताबिक जांच में सामने आया कि उसने कम से कम 1,200 पैकेट 40 से अधिक देशों में भेजे। इनमें करीब 160 पैकेट कनाडा के विभिन्न पते पर भेजे गए थे। मई 2023 में उसे उसके मिसिसॉगा स्थित घर से गिरफ्तार किया था और तब से वह हिरासत में है। ब्रिटेन की जांच एजेंसियां भी लॉ की गतिविधियों की जांच कर रही थीं। वहां 79 लोगों की मौत को सीधे तौर पर उसके उत्पादों से जोड़ा गया है। हालांकि ब्रिटेन के अभियोजकों ने उसे आरोपित करने या कनाडा से प्रत्यर्पण की मांग नहीं करने का फैसला किया है। पुलिस का आरोप है कि लॉ केवल रसायन बेचने तक सीमित नहीं था, बल्कि उसने आत्महत्या के तरीकों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई। मई 2023 में गिरफ्तारी के बाद वह हिरासत में है। मई 2026 में उसने अदालत में कई आरोपों में दोष स्वीकार कर लिया। इसके बदले में अभियोजन पक्ष ने उसके खिलाफ लगे 14 हत्या के आरोप वापस लेने पर सहमति जताई। ब्रिटेन की एक एजेंसी ने कहा कि कनाडा में एक ही मुकदमे के तहत उसके अपराधों की पूरी गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सजा तय की जाएगी। 22 साल के थॉमस पारफेट के पिता ने कहा कि वह चाहते थे कि लॉ ब्रिटेन में भी मुकदमे का सामना करे। वहीं 21 साल एमी वॉल्टन की बहन ने मांग की कि इन मौतों की सार्वजनिक जांच कराई जाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी त्रासदी होने कैसे दी गई। इस मामले की जांच केवल कनाडा और ब्रिटेन तक सीमित नहीं रही। अमेरिका, इटली, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की एजेंसियों ने भी जांच की है। न्यूजीलैंड के एक कोरोनर ने पाया कि वहां आत्महत्या करने वाले चार लोगों ने लॉ से जुड़े व्यवसाय से ऑनलाइन सामान खरीदा था, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि लॉ न्यूजीलैंड के कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर है। कनाडा के कानून के मुताबिक आत्महत्या में मदद करने का दोषी पाए जाने पर अधिकतम 14 साल की जेल हो सकती है। वहीं प्रथम श्रेणी हत्या में दोष सिद्ध होने पर आजीवन कारावास और कम से कम 25 साल तक पैरोल नहीं मिलती है। चूंकि हत्या के आरोप वापस लिए जा रहे हैं, इसलिए अब कोर्ट आत्महत्या में मदद और संबंधित अपराधों के आधार पर सजा तय करेगी। सिराज/ईएमएस 02 जून 2026