लंदन (ईएमएस)। ब्रिटेन की 19 वर्षीय एला वुडलैंड ने चूहों को अपनी सफलता का जरिया बना लिया है। एला के आठ पालतू चूहे अब सिर्फ उसके घर की शोभा नहीं बढ़ा रहे, बल्कि अपनी अनोखी पेंटिंग्स के जरिए लाखों रुपये की कमाई भी करवा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन “रैट आर्टिस्ट्स” की चर्चा तेजी से हो रही है। इतना ही नहीं, दुनिया भर से लोग उनकी बनाई कलाकृतियां खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। एला वुडलैंड ने फरवरी 2025 में एक प्रयोग के तौर पर अपने पालतू चूहों रंपल, रीड, गुबलर, हॉच, मॉर्गन, ल्यूक, रॉसी और गिडियन को रंग और कैन्वास के साथ छोड़ दिया था। चूहों ने रंगों में दौड़ते और चलते हुए कैन्वास पर अलग-अलग निशान और डिजाइन बना दिए। जब एला ने इन पेंटिंग्स को देखा तो वह खुद हैरान रह गई। उसने मजाक-मजाक में इन्हें ऑनलाइन बेचना शुरू किया, लेकिन जल्द ही लोगों ने इन अनोखी कलाकृतियों को पसंद करना शुरू कर दिया। एला ने बताया कि उसे यह आइडिया सोशल मीडिया क्रिएटर “टूगुड्स टाइनी पॉज” से मिला था। शुरुआत में यह केवल एक शौक था, लेकिन अब यह उसके लिए सफल बिजनेस बन चुका है। वह इन पेंटिंग्स की बिक्री से अपनी यूनिवर्सिटी की पढ़ाई का खर्च उठा रही है। चूहों की बनाई पेंटिंग्स में छोटे-छोटे पंजों के निशान, रंगों की छींटें और अनोखे पैटर्न दिखाई देते हैं, जो लोगों को काफी आकर्षित करते हैं। हर पेंटिंग के साथ एला उस चूहे का नाम भी लिखती है जिसने उसे बनाया होता है। इन पेंटिंग्स की कीमत 50 पाउंड से शुरू होकर सैकड़ों पाउंड तक पहुंच जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एला को दुनिया भर से ऑर्डर मिलने लगे हैं। लोग इसे बेहद रचनात्मक और अनोखा बिजनेस आइडिया बता रहे हैं। एला का कहना है कि वह अपने चूहों की देखभाल पर खास ध्यान देती है, क्योंकि खुश और स्वस्थ चूहे ही बेहतर कला बना सकते हैं। सुदामा/ईएमएस 02 जून 2026