ज़रा हटके
02-Jun-2026
...


मुरादाबाद,(ईएमएस)। पुलिस ने दो साल पहले मर चुके शख्स का न सिर्फ शांतिभंग में चालान काटा बल्कि निजी मुचलके पर पाबंद भी कर दिया। चालानी रिपोर्ट जब एसडीएम कोर्ट पहुंची। अधिवक्ता को जानकारी लगी तब यह भेद खुला। फजीहत के बाद अब पुलिसकर्मी ने पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करने की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ लिया। पड़ोसी दिनेश और सदन में रंजिश चल रही है। 28 मार्च को दोनों के बीच विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। दारोगा विनीत कुमार की तरफ से दोनों पक्षों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए निजी मुचलके से भी पाबंद किया। दूसरे पक्ष के साथ पुलिस ने दिनेश, उनकी पत्नी पूनम, रज्जो और भाई नरेश के विरुद्ध कार्रवाई की। हैरानी की बात यह है कि नरेश की दो साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यह पता करने का भी प्रयास नहीं किया कि जिसके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, वह जीवित भी है या नहीं। इसके चलते वकील और नरेश के परिजन चालानी रिपोर्ट में नरेश नाम देख दंग रह गए। दारोगा का जब खेल उजागर हुआ तब वह उसे दबाने में जुट गया। मामला अफसरों तक पहुंचा। परिवार ने शिकायत की। एसपी सिटी ने बताया कि प्रकरण की जानकारी नहीं है। जानकारी कराकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। सिराज/ईएमएस 02जून26