क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- आरपीएफ असारवा द्वारा आईटीआई कुबेरनगर में आयोजित किया गया विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम अहमदाबाद (ईएमएस)| रेलवे में पत्थरबाजी, अनधिकृत रेल अतिक्रमण, चैन पुलिंग, रन-ओवर जैसी दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट असारवा द्वारा आईटीआई कुबेरनगर में एक विशेष रेलवे सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंशुमान राम त्रिपाठी, आईआरपीएफएस, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, अहमदाबाद मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को रेलवे में होने वाली पत्थरबाजी, रेलवे पटरियों पर अनधिकृत रूप से चलने अथवा उन्हें पार करने से उत्पन्न होने वाले गंभीर खतरों तथा इनके कानूनी परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी एवं रेलवे क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश न केवल रेलवे संपत्ति को क्षति पहुंचाते हैं, बल्कि यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के जीवन को भी गंभीर जोखिम में डालते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से रेलवे पटरियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, चलती ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने तथा सदैव सुरक्षित व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे इस कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी को अपने परिवारजनों, मित्रों एवं पड़ोसियों तक पहुंचाकर रेलवे सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर अवसरों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उन्हें नशे एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की प्रेरणा दी। यह कार्यक्रम प्रभारी निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल थाना असारवा श्री मनु छौक्कर एवं उनकी टीम के विशेष प्रयासों से आयोजित किया गया। आरपीएफ असारवा द्वारा निरंतर चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों जैसे संवाद एवं सामुदायिक सहभागिता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गत वर्ष जहां पत्थरबाजी की 9 घटनाएं दर्ज हुई थीं, वहीं वर्ष 2026 में मई माह तक केवल 2 घटनाएं ही दर्ज हुई हैं। यह उल्लेखनीय उपलब्धि आरपीएफ के सतत प्रयासों का प्रतिफल है। इसके बावजूद आरपीएफ आसारवा ऐसी घटनाओं को पूर्णतः समाप्त करने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम में नीरव विष्णुभाई देसाई, प्राचार्य, आईटीआई कुबेरनगर सहित संस्थान के अन्य शिक्षकों की भी उपस्थिति रही। लगभग 200 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। रेलवे सुरक्षा का सशक्त संदेश देते हुए कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। - 03 जून