- जिला अस्पताल भिंड में विश्व क्लब फुट दिवस पर बच्चों को मिले विशेष जूते DEIC सेंटर में हर बुधवार होता है मुफ्त इलाज भिंड ( ईएमएस ) | आज जिला अस्पताल भिण्ड में विश्व क्लब फुट दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत, एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से अनुष्का फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन्मजात पैर के टेढ़ेपन (क्लव फुट) से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें सही समय पर उच्च स्तरीय उपचार प्रदान करना है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. निखिल अग्रवाल एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. अग्रवाल ने उपस्थित जनों को महत्वपूर्ण चिकित्सा जानकारी दी। डॉक्टर्स ने बताया कि क्लब फुट कोई लाइलाज बीमारी नहीं है, यदि समय पर इसका इलाज शुरू हो जाए तो बच्चा पूरी तरह सामान्य रूप से चल सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला अस्पताल के डीईआईसी (DEIC) सेंटर में प्रत्येक बुधवार को विशेष क्लब फुट डे क्लिनिक चलाया जाता है, जहाँ बच्चों का संपूर्ण उपचार पूरी तरह से निःशुल्क किया जाता है। डीईआईसी मैनेजर वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। प्रसव केंद्रों पर जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लगने वाले आरबीएसके कैंपों के माध्यम से क्लब फुट से ग्रसित बच्चों को चिन्हित किया जाता है। इसके बाद उन्हें बेहतर और मुफ्त इलाज के लिए जिला अस्पताल के डीईआईसी सेंटर लाया जाता है। इलाज के बाद बच्चों के पैरों को सही आकार में बनाए रखने के लिए विशेष प्रकार के कैलीपर्स या जूतों की जरूरत होती है। इस मौके पर अनुष्का फाउंडेशन की ओर से उपस्थित बच्चों को ये स्पेशल शूज निःशुल्क भेंट किए गए, ताकि उनका सुधार बरकरार रहे। इस अवसर पर अनुष्का फाउंडेशन के जिला प्रतिनिधि श्री अरविंद राठौर सहित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की पूरी टीम, डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहा।