क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


कुम्भराज में रंगदारी दिखाकर जानलेवा हमला एवं तोड़फोड़ के मामले में गुना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही प्रकरण में फरार चार और आरोपियों को गिरफ्तार जेल पहुंचाया गुना (ईएमएस)। गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । साथ ही कानून व्यवस्था भंग करने, आमजन में भय का वातावरण निर्मित करने तथा हिंसक आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध गुना पुलिस द्वारा शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कठोर कार्यवाहियां की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में पुलिस ने कुम्भराज में घटित रंगदारी दिखाकर जानलेवा हमला एवं तोड़फोड़ के गंभीर प्रकरण में तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए फरार चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है । उल्लेखनीय है कि दिनांक 29 मई 2026 की रात्रि में फरियादी रोहित पिता हल्कूराम मीना (उम्र 21 वर्ष) निवासी ग्राम उमरया ने कुम्भराज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मामा के लड़के महेन्द्र मीना निवासी तलावड़ा के साथ ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहा था । रात्रि लगभग 09 बजे जब वे कुम्भराज के साहू मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचे, तब शिवम साहू, अरुण उर्फ अंटया अहिरवार एवं आदित्य उर्फ अद्दू अहिरवार ने उनका ट्रैक्टर रोक लिया और स्वयं को क्षेत्र का गुंडा बताते हुए उनसे अवैध रूप से रुपयों की मांग की तथा रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी । इसका विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादी एवं उसके साथी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड एवं लुहांगी से हमला कर दिया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं । घटना के दौरान आरोपियों के अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने डंडों एवं लाठियों से ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया । फरियादी की रिपोर्ट पर कुम्भराज थाने में अपराध क्रमांक 86/26 धारा 296(बी), 115(2), 119(2), 109(1), 324(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के अगले ही दिन दिनांक 30 मई 2026 को आरोपी आदित्य उर्फ अद्दू अहिरवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था । वहीं शेष फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी । प्रकरण में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा भी लगातार मांग की जा रही थी । मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा शेष फरार आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी हेतु कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, उपनिरीक्षक होतम सिंह सहित पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ से कार्यवाही करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से फरार आरोपियों की तलाश एवं पतारसी के सघन प्रयास किए गए । जिसके परिणामस्वरूप गत् दिनांक 02 जून को एक और फरार आरोपी विवेक पुत्र जगमोहन खटीक उम्र 19 साल निवासी खटीक मौहल्ला कुम्भराज को गिरफ्तार कर लिया गया । वहीं दिनांक 03 जून 2026 के सुबह पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण के तीन फरार आरोपी भोपाल रेलवे स्टेशन पर बैंगलोर भागने की फिराक में ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं । सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए भोपाल पहुंचकर तीनों आरोपियों 1-सोहेल खांन पुत्र सहराज खांन उम्र 23 साल निवासी नानाखेड़ी केंट गुना, 2-अरूण उर्फ अंटया पुत्र रामस्वरूप अहिरवार उम्र 25 साल निवासी साहू मौहल्ला कुम्भराज एवं 3-शिवम पुत्र कमलेश साहू उम्र 26 साल निवासी साहू मौहल्ला कुम्भराज को और गिरफ्तार कर लिया गया एवं वैधानिक कार्यवाही उपरांत चारों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है । गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि रंगदारी, गुंडागर्दी, मारपीट, धमकी तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों को गुना पुलिस द्वारा किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । जिले में आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी । गुना पुलिस की इस सक्रिय और सफल कार्यवाही में कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, उपनिरीक्षक होतम सिंह, उपनिरीक्षक रंगलाल मेर, भमावद चौकी प्रभारी सउनि राजीव गौड, आरक्षक सत्येन्द्र रावत, आरक्षक अवनीश जाट, आरक्षक धर्मवीर रावत, आरक्षक श्रीकांत एवं मृगवास थाने से आरक्षक सोहन अनारे, आरक्षक नीरज धाकड़ व साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा है ।- सीताराम नाटानी