राष्ट्रीय
03-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कुवैत में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए कथित ईरानी ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल हुए लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए तत्काल 25 एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी गईं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ड्रोन हमले से एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद एहतियातन कुछ समय के लिए एयरपोर्ट का संचालन और हवाई यातायात रोक दिया। इससे यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने दावा किया था कि ईरान ने कुवैत में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर कई ड्रोन हमले किए थे, हालांकि उन सभी प्रयासों को विफल कर दिया गया था। ताजा घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं और बढ़ गई हैं। सुबोध/०३-०६-२०२६