नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टी20 टीम की कप्तानी में बदलाव करने की तैयारी में है। मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया जा सकता है, वहीं उनकी टीम में जगह भी खतरे में बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, चयनकर्ताओं के बीच सूर्यकुमार यादव के हालिया प्रदर्शन को लेकर चिंता है। इसी वजह से टीम प्रबंधन भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तान की तलाश कर रहा है। कप्तानी की दौड़ में श्रेयस अय्यर सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि चयन समिति और मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच इस मुद्दे पर चर्चा चल रही है। हाल ही में एशियाई खेलों के लिए तैयार की गई संभावित खिलाड़ियों की सूची में भी सूर्यकुमार यादव का नाम शामिल नहीं किया गया था, जिससे उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, कुछ पूर्व चयनकर्ताओं का मानना है कि टी20 विश्व कप जीतने वाले कप्तान को जल्दबाजी में हटाना सही फैसला नहीं होगा और टीम को नेतृत्व में स्थिरता बनाए रखनी चाहिए। सुबोध/०३-०६-२०२६