राष्ट्रीय
03-Jun-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के चर्चित प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को समन जारी कर 15 जून को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। ईडी अधिकारियों ने बुधवार को कोलकाता स्थित उनके कालीघाट रोड आवास पर समन पहुंचाया। उस समय अभिषेक बनर्जी घर पर मौजूद नहीं थे, इसलिए नोटिस उनके स्टाफ को सौंपा गया। ईडी प्राथमिक विद्यालय शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े धनशोधन के पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी कथित संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के संबंध में अभिषेक बनर्जी से पूछताछ करना चाहती है। यह मामला लंबे समय से राज्य की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी को साल्ट लेक स्थित ईडी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो और ईडी दोनों अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रहे हैं। ईडी के इस ताजा समन से पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सुबोध/०३-०६-२०२६