:: मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक में एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा सहित आला अफसर रहे मौजूद, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के कड़े निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी वर्षाकाल में शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त रखने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए इंदौर नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने संयुक्त रूप से विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर वर्षाकालीन तैयारियों की कड़ाई से समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जल कार्य एवं सीवरेज विभाग के प्रभारी व एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा, समस्त अपर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारियों सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से नाला सफाई, स्टॉर्म वॉटर लाइन की स्थिति, जल निकासी के संसाधनों और निचली बस्तियों में आपातकालीन व्यवस्थाओं का रोडमैप परखा गया। महापौर भार्गव ने मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर हर साल जलभराव की स्थिति बनती है, वहाँ तात्कालिक राहत के बजाय इस बार स्थायी समाधान खोजे जाएं। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान भी चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल बंद नहीं होने चाहिए, ताकि नागरिक जाम की समस्या से बच सकें। जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने भी विभाग की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाया। आयुक्त ने कहा कि शहर में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट या अन्य बड़े निर्माण कार्यों के कारण ड्रेनेज या बारिश के पानी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्माण कंपनियों को समय पर सर्विस रोड की मरम्मत करने तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना को टाला जा सके। आपदा प्रबंधन को लेकर रणनीति तय करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जलभराव की आशंका वाली निचली बस्तियों को पहले से चिन्हित कर नागरिक सुरक्षा दल अलर्ट पर रखे जाएं। इसके साथ ही जल निकासी के लिए हाई-पावर पंपों की उपलब्धता, मैनपावर की शिफ्टवार ड्यूटी और राहत शिविरों जैसी आपातकालीन व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त कर लिया जाए। बैठक के अंत में महापौर और आयुक्त ने दो-टूक कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। वर्षाकाल की चुनौतियों के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम माहौल देना निगम की पहली प्राथमिकता है, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूरी की जाएं। प्रकाश/03 जून 2026