राज्य
03-Jun-2026


:: होल्कर स्टेडियम में उज्जैन ने खड़ा किया 221 रनों का पहाड़, पार्थ चौधरी की आतिशी पारी भी ग्वालियर को नहीं बचा सकी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के उद्घाटन मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स ने अपने हरफनमौला खेल की बदौलत ग्वालियर चीतास को 92 रनों के भारी-भरकम अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में उज्जैन के 221 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीतास की टीम 14.2 ओवरों में महज 129 रनों पर ही ढेर हो गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। उज्जैन के लिए मध्यक्रम के बल्लेबाज माधव तिवारी ने महज 31 गेंदों में 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 62 रनों की तूफानी पारी खेली। सलामी बल्लेबाज यश दुबे (37 रन) और कप्तान चंचल राठौर (33 रन) ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। ग्वालियर की ओर से आकाश रघुवंशी ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके। :: पार्थ की आंधी भी नहीं टाल सकी ग्वालियर की करारी हार :: 222 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीतास ने पावरप्ले (6 ओवर) में 4 विकेट खोकर 74 रन बना लिए थे, जिससे मैच बेहद रोमांचक हो गया था। सलामी बल्लेबाज कुलदीप गेही (9) और कार्तिक परिहार (9) के जल्दी आउट होने के बाद पार्थ चौधरी ने उज्जैन के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। पार्थ ने मात्र 18 गेंदों में 3 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 46 रनों की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने के कारण उनकी यह मेहनत बेकार गई। उज्जैन फाल्कन्स के तेज गेंदबाज आयुष मानकर ने घातक गेंदबाजी करते हुए ग्वालियर के मध्यक्रम को टिकने का मौका नहीं दिया। आयुष ने अपने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट (पार्थ चौधरी, अर्पित पटेल और विकास शर्मा) चटकाए। :: कप्तान पाटीदार भी रहे फ्लॉप, पुछल्ले बल्लेबाज ढेर :: ग्वालियर के कप्तान और स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार दबाव के क्षणों में टीम को संभाल नहीं सके और 8 गेंदों में 11 रन बनाकर ऋषि मिगलानी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। विकास शर्मा ने 18 रन बनाए, जबकि आकाश रघुवंशी ने अंत में 16 रनों का योगदान दिया। उज्जैन के लिए गेंदबाजी में आयुष मानकर के 3 विकेटों के अलावा ऋषि मिगलानी ने 3 ओवर में महज 14 रन देकर 2 विकेट लिए। बल्लेबाजी में जौहर दिखाने वाले माधव तिवारी ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और 2 विकेट झटके, जबकि अधिर प्रताप सिंह को भी 2 सफलताएं मिलीं। प्रकाश/03 जून 2026