:: वर्ष 2019 से लगातार कायम है स्वच्छता का यह बेहतरीन मॉडल, 100% घरों में है रेनवॉटर रिचार्जिंग व्यवस्था :: इंदौर (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की परमाणु नगर कॉलोनी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधन प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है। वर्ष 2019 से शहर की पहली आदर्श जीरो वेस्ट कॉलोनी के रूप में पहचानी जाने वाली यह कॉलोनी बेहतरीन कचरा प्रबंधन और नागरिक जागरूकता का सबसे प्रमुख मॉडल है। मात्र 68 परिवारों वाली इस कॉलोनी ने कचरे के स्थानीय निस्तारण, जैविक खाद निर्माण, वर्षा जल संचयन (रेनवॉटर हार्वेस्टिंग) और सौर ऊर्जा के उपयोग से खुद को आत्मनिर्भर बनाया है। यहाँ के रहवासियों ने जल और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। कॉलोनी के 100 प्रतिशत घरों में भूजल स्तर सुधारने के लिए रेनवॉटर रिचार्जिंग सिस्टम कार्यरत है, वहीं लगभग 90 प्रतिशत घरों में सोलर वाटर हीटर लगे हैं। पानी जमीन के भीतर आसानी से उतर सके, इसके लिए सड़कों पर पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं। कचरा प्रबंधन को लेकर नागरिकों की सजगता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहाँ घरेलू कचरे को छह अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत कर उसका वैज्ञानिक प्रबंधन किया जाता है। गीले कचरे से कॉलोनी परिसर में ही जैविक खाद बनाई जाती है, जिसका उपयोग बगीचों को हरा-भरा रखने में होता है। सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित कर सामाजिक आयोजनों के लिए यहाँ एक साझा “बर्तन बैंक” बनाया गया है, जिससे डिस्पोजल कचरे का उत्सर्जन शून्य हो गया है। नगर निगम प्रशासन के सतत सहयोग तथा महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के प्रोत्साहन से आगे बढ़ रहा यह मॉडल जन-सहभागिता की बड़ी मिसाल है। विगत 7 वर्षों से अपनी इस विशिष्ट पहचान को कायम रखने वाली यह कॉलोनी पूरे शहर के लिए मार्गदर्शक है, जिससे प्रेरणा लेकर अन्य कॉलोनियां भी इस दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं। प्रकाश/03 जून 2026