:: मुख्यमंत्री के निर्देश पर इंदौर में विशेष अभियान, पानी बर्बाद करने और गंदगी फैलाने वालों से वसूला जुर्माना :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर इंदौर नगर निगम द्वारा पानी के अवैध दोहन और बर्बादी को रोकने के लिए एक बड़ा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के सीधे निर्देशन में शहरभर में की गई इस औचक कार्रवाई के दौरान नर्मदा जलप्रदाय लाइन से सीधे मोटर लगाकर पानी खींचने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया। निगम की विभिन्न टीमों ने कार्रवाई करते हुए मौके से 67 मोटर पंप जब्त किए हैं। जल संकट और असमान वितरण की शिकायतों को देखते हुए निगम का अमला शहर के विभिन्न वार्डों में सक्रिय है। डायरेक्ट मोटर लगाने वालों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के साथ-साथ पानी का दुरुपयोग करने वालों पर भी नकेल कसी गई। सड़कों पर पानी बहाने, जल बर्बाद करने और गंदगी फैलाने वाले लापरवाह लोगों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए निगम ने 31 चालान बनाए, जिसके तहत मौके पर ही 27,400 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने इस कार्रवाई को आगे भी जारी रखने के संकेत दिए हैं। उन्होंने इंदौर के नागरिकों से बेहद संवेदनशील अपील करते हुए कहा कि कोई भी उपभोक्ता मुख्य जल वितरण लाइन पर डायरेक्ट मोटर न लगाए और न ही पानी का किसी भी रूप में दुरुपयोग करे। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि डायरेक्ट मोटर लगाने से लाइन में प्रेशर कम हो जाता है, जिससे अंतिम छोर के उपभोक्ताओं तक पानी नहीं पहुँच पाता। सभी को पर्याप्त दबाव के साथ सुचारू रूप से जल उपलब्ध हो सके, इसके लिए नागरिक इस अभियान में निगम का सहयोग करें। प्रकाश/03 जून 2026