क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल की अध्यक्षता में आज गुरूवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिले की कानून एवं व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दांडिक प्रकरणों, प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 129, 135 एवं 170 के अंतर्गत की गई कार्रवाइयों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण से संबंधित प्रकरणों की प्रगति का भी परीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी एवं तहसीलदार प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को संयुक्त रूप से बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें तथा उनके समयबद्ध निराकरण की दिशा में कार्य करें। श्री वानखड़े ने अधिकारियों को अंतिम बंद पत्र समय पर जारी करने, तामीली कार्यवाही में प्रगति लाने तथा न्यायालयीन एवं राजस्व प्रकरणों के निष्पादन में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध उत्खनन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों के लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को शीघ्र न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।