ग्वालियर ( ईएमएस ) | भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आमजन को राहत पहुँचाने के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ग्वालियर इकाई द्वारा “शीतल जल-ओआरएस सेवा रथ” संचालित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की प्रेरणादायी पहल पर शुरू की गई यह मानवीय सेवा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुँचकर जरूरतमंद लोगों को शीतल जल और ओआरएस घोल उपलब्ध करा रही है। गुरुवार को सेवा रथ नेहरू पेट्रोल पंप, छत्री मंडी, हनुमान चौराहा, थाटीपुर, न्यू कलेक्ट्रेट, अचलेश्वर मंदिर एवं राम मंदिर क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख तिराहों-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर पहुँचे। यहाँ ऑटो, टेंपो एवं ई-रिक्शा चालकों, यातायात पुलिसकर्मियों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, फुटपाथ पर बैठे बुजुर्गों तथा अन्य नागरिकों को शीतल जल और ओआरएस घोल उपलब्ध कराया। गर्मी के मौसम में लंबे समय तक खुले वातावरण में कार्य करने वाले लोगों को डिहाइड्रेशन और लू के खतरे से बचाने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की गई है। विशेष रूप से यातायात पुलिस, सफाई मित्रों एवं अन्य मैदानी अमले को इस पहल से राहत मिल रही है। रेडक्रॉस का यह प्रयास मानवता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है। भीषण गर्मी के बीच राहत पहुँचा रहे ये सेवा रथ न केवल लोगों की प्यास बुझा रहे हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और परोपकार का संदेश भी दे रहे हैं।