क्षेत्रीय
04-Jun-2026


नरसिंहपुर,(ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उदगम से संगम के अंतर्गत नर्मदा जी की सहायक नदियों का व्यापक सर्वेक्षण और जन जागरूकता का कार्य मप्र जनअभियान परिषद नरसिंहपुर के तत्वाधान में किया जा रहा है। जिला समन्वयक मप्र जन अभियान परिषद नरसिंहपुर ने बताया कि विकासखण्ड चीचली के अंतर्गत ऊमर नदी का सर्वेक्षण कार्य नवांकुर संस्थाओं, परार्मश दाता, प्रस्फुटन समिति एवं समाजसेवी के द्वारा ग्राम पंचायत मोहपानी के दुर्गम पहाड़ी बड़ागांव से शुरु किया गया। सर्वेक्षण का उद्देश्य नदियों के संरक्षण, पुनर्जीवन तथा जन सहभागिता के माध्यम से जल संवर्धन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है। ऊमर नदी का सर्वेक्षण दल के द्वारा अध्ययन किया जा रहा है। अभियान के तहत नदी के उदगम स्थलों से संगम स्थल तक यात्रा कर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जा रही है। इनमें नदी की कुल लम्बाई, वर्तमान जल धारा की स्थिति, जल स्तर, वर्षा की मात्रा, नदी के पुल-पुलियों, रपटों आदि की जानकारी संकलित की जा रही है। इसके अतिरिक्त नदी तटों की वनस्पतियों, नदी में मिलने वाले नालों एवं सहायक जल धाराओं, ऐसे ग्रामों की जानकारी जहां का गंदा पानी नदी में प्रवाहित हो रहा है, नदी किनारे स्थित ग्रामों, सामाजिक संस्थाओं, मंडलों एवं आश्रमों का विवरण भी एकत्रित किया जा रहा है। साथ ही नदी क्षेत्र से जुड़े प्रभावशील व्यक्तियों तथा वाटरशेड प्रबंधन के अंतर्गत किए कार्यों का भी दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। जन जागरण यात्रा के दौरान गांवों में ग्राम चौपाल, जल संवाद, स्वच्छता अभियान तथा नदी पुनर्जीवन आदि विषयों पर चर्चाएं आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण व संवर्धन का महत्व बताया जा रहा है। उदगम स्थलों पर स्वच्छता एवं उसके संरक्षण जैसी अन्य गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, नदी के संवर्धन तथा पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि ऊमर नदी वनांचल ग्राम बड़ागांव स्थित ऊमर के पेड़ की जड़ों से प्रवाहित होती है। यह जल धारा आगे चलकर नदी के रूप में प्रवाहित होती है। यह नदी रानी दहाड़, माल्हनवाड़ा, मानेगांव, डांकनी पिपरिया, कुल्लोर, इकलोनी, ढ़ाना, बारहाबड़ा, ढुरुसुरू, पिपरिया, पलैरा इमलिया, उकासघाट, भमका, घुटगों, झांझनखेड़ा ग्राम तक सर्वेक्षण किया गया। इन ग्रामों में जन चौपाल कर जल संरक्षण व संवर्धन के लिए ग्रामवासियों को जागरूक किया गया। इस दल में नवांकुर संस्था माही सामाजिक विकास संस्थान के अध्यक्ष संतोष चौरसिया, हरदौल जन सेवा समिति अध्यक्ष रामकृष्ण राजपूत, कार्यक्रम समन्वयक रामेश्वर वर्मा, नवांकुर उकासघाट अध्यक्ष मती नीरू राजपूत, समाजसेवी, भीष्म शिक्षा समिति, परार्मशदाता, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति आदि शामिल हैं। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 04 जून 2026