नरसिंहपुर,(ईएमएस)। कलेक्टर मती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पोषण समिति की विभागीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। उन्होंने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, पोषण ट्रेकर और एमआईएस में प्रदर्शित डेटा की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सु प्रांजलि मर्सकोले, समस्त सीडीपीओ और महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी सुपरवाईजर मौजूद थे। कलेक्टर मती रजनी सिंह ने बैठक में भवन निर्माण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सीएम हेल्पलाइन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी जुलाई माह में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जो बच्चे निजी स्कूलों मे जा रहे हैं, उन्हें पोषण ट्रेकर में स्कूल गोइंग श्रेणी में दर्ज किया जाए। जिन हितग्राहियों को आधार कार्ड से संबंधित कोई भी समस्या आ रही है, उन्हें आधार कैम्प में भेजकर आधार सुधार का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकें। कलेक्टर मती सिंह ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, जीआरएस और सचिव के माध्यम से सभी गर्भवती महिलाओं को इस आधार कैम्प में लाने के लिए प्रयास किए जाएं। एमएम बास्क के अंतर्गत बच्चों की प्रविष्टि (एंट्री दर्ज करने का कार्य) हर माह की 21 से 30 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पिछले 6 महिनों में जो भी बच्चे सेम (अति गंभीर कुपोषण) की श्रेणी से सुधरकर मेम (मध्यम कुपोषण) की श्रेणी में आए हैं, उन सभी बच्चों का पूरा डाटा एकत्रित किया जाए। उनका विशेष सर्वे करवाया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बच्चों के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। कलेक्टर मती रजनी सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में 100 दिवस से अधिक लंबित शिकातयों पर चर्चा करते हुए उक्त शिकायतों का निराकरण कर विलोपित करने को कहा। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 04 जून 2026