नरसिंहपुर,(ईएमएस)। कलेक्टर मती रजनी सिंह ने बुधवार को पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के ऑडिटोरियम में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक ली। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राधेश्याम वर्मा, डीएचओ/ सीबीएमओ नरसिंहपुर डॉ. जीपी भनारिया सहित स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाईजर मौजूद थे। कलेक्टर मती सिंह ने सभी आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्राम स्तर पर विशेष सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, हाई रिस्क महिलाओं व कुपोषित बच्चों की पहचान व प्रबंधन करने के निर्देश दिए। यदि कोई गर्भवती महिला हाई रिस्क है, तो उच्च संस्थाओं में उनका सुरक्षित प्रसव कराने के निर्देश दिए। यदि महिला के संबंधी या परिवार सदस्य उच्च संस्थाओं में लाने के लिए अवरोध उत्पन्न करते हैं, तो इसकी सूचना मेडिकल ऑफिसर, सीबीएमओ और कलेक्टर को देनी होगी। कलेक्टर मती सिंह ने जिले की मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, आवश्यक पोषण देने एवं एचबीएनसी कार्यक्रम का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्रामों में आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। आधार, समग्र आईडी, ई-केवायसी एवं डीबीटी के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 04 जून 2026