नरसिंहपुर,(ईएमएस)। विधायक तेंदूखेड़ा विश्वनाथ सिंह पटेल की अध्यक्षता में गुरूवार को जनपद पंचायत चांवरपाठा में एडिप योजनांतर्गत दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क कृत्रिम हाथ-पैर के लिए चिन्हांकन व वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक पटेल ने दिव्यांगजनों को उन्नत तकनीकी से तैयार कृत्रिम हाथ-पैर का वितरण किया। इस दौरान 30 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें ऑन द स्पॉट कृत्रिम हाथ-पैर का वितरण किया गया। यह शिविर एसआर ट्रस्ट और एल्मिकों के माध्यम से किया गया। विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के द्वारा अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। शिविर में जिन दिव्यांग हितग्राहियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए हैं, वे अब अधिक सहजता से अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे, रोजगार से जुड़ सकेंगे और आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकेंगे। यह वास्तव में सेवा और समर्पण का श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में शासन के द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 04 जून 2026