क्षेत्रीय
04-Jun-2026


सिरोंज (ईएमएस)। क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बालक घर का रास्ता भटक जाने के कारण अपने परिजनों से बिछड़ गया। मासूम बच्चे को असहाय अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल पुलिस सहायता हेतु डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरोंज थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलते ही डायल-112 स्टाफ आरक्षक सचिन सोनी एवं दीपक शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। घबराए हुए बालक से पुलिस जवानों ने स्नेहपूर्ण एवं आत्मीय व्यवहार करते हुए बातचीत की, जिससे बच्चे ने अपने गांव एवं पिता का नाम बताया। प्राप्त जानकारी के आधार पर डायल-112 जवानों ने ग्राम आरोन में संपर्क स्थापित कर बालक के परिजनों को सूचना दी तथा उसके पिता को थाने बुलाया। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी और राहत साफ झलक रही थी। उन्होंने डायल-112 पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यप्रणाली के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। विदिशा पुलिस की त्वरित एवं जनसेवी कार्यशैली एक बार फिर लोगों के विश्वास पर खरी उतरी, जहां पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मासूम को उसके परिवार से मिलाकर मानवीय सरोकारों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। ईएमएस/सलमान खान/ 04 जून 2026