व्यापार
08-Jun-2026
...


- सेंसेक्स 700 अंक टूटा, निफ्टी 23,150 के करीब मुंबई (ईएमएस)। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भू-राजनीतिक तनाव के चलते भारी गिरावट दर्ज की गई। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष ने निवेशकों की धारणा कमजोर की, जिससे शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़क कर 73,500 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी भी 23,150 के आसपास फिसल गया। बाजार में इस भारी गिरावट की मुख्य वजह पश्चिम एशिया में तेजी से बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है। पिछले शुक्रवारको भारतीय शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 116.67 अंक की गिरावट के साथ 74,243.34 पर बंद हुआ और निफ्टी 50 49.85 अंक फिसलकर 23,366.70 पर बंद हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान द्वारा इजराइल पर मिसाइलें दागे जाने की खबर ने वैश्विक निवेशकों को चौंका दिया। इस घटनाक्रम ने न केवल अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ताओं की उम्मीदों को गहरा झटका दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में संघर्ष विराम की संभावनाओं पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। इन तनावों का असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय इक्विटी बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 724.51 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 73,518.83 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 50 भी 220.35 अंक टूटकर 23,138.25 के स्तर पर आ गया, जो निवेशकों के बीच बढ़ती अनिश्चितता को दर्शाता है। गिरावट का यह माहौल केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रहा। व्यापक बाजार में भी तेज बिकवाली देखने को मिली, जहां निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 1.51 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.52 फीसदी टूट गए। यह स्पष्ट रूप से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता में कमी को दर्शाता है। सेक्टोरल स्तर पर, रियल्टी और मेटल शेयरों ने सबसे अधिक दबाव झेला, जबकि फार्मा और हेल्थकेयर जैसे कुछ सेक्टर अपेक्षाकृत मजबूत बने रहे और बाजार की व्यापक गिरावट के बीच कुछ हद तक बेहतर प्रदर्शन किया। सतीश मोरे/08जून ---