सेंसेक्स 719 अंक, निफ्टी 243 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार सोमवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट अमेरिका, इजरालय और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के कारण दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सेंसेक्स 719.08 अंकों की गिरावट के साथ ही 73,524.26 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 243.70 अंक नीचे आकर 23,123 पर पहुंच गया। इसके अलावा व्यापक बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 1.40 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.92 फीसदी की गिरावट रही। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल और निफ्टी ऑटो में 2 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई जबकि निफ्टी मीडिया, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी आईटी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी एक फीसदी गिरावट रही। निफ्टी के केवल 9 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि अन्य सभी शेयर गिरावट पर कारोबार करते दिखे। मैक्स हेल्थ, पावरग्रिड, भारती एयरटेल, बीईएल, नेस्ले इंडिया और टेक महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गयी जबकि विप्रो , जियो फाइनेंस, हिंडाल्को और श्री राम फाइनेंस के शेयरों में गिरावट आई।बाजार जानकारों के अनुसार अमेरिकी और ईरान के बीच शांति समझौते पर संशय से भी बाजार में गिरावट आई है। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार गिरावट पर खुला। सेंसेक्स 700 अंक से अधिक लुढ़क कर 73,500 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी भी 23,150 के करीब गिरा। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 724.51 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 73,518.83 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 50 भी 220.35 अंक टूटकर 23,138.25 के स्तर पर आ गया, जो निवेशकों के बीच बढ़ती अनिश्चितता को दर्शाता है। गिरावट का यह माहौल केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रहा। व्यापक बाजार में भी तेज बिकवाली देखने को मिली, जहां निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 1.51 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.52 फीसदी टूट गए। ईएमएस 08जून 2026