- रुपया शुक्रवार को 56 पैसे मजबूत होकर 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी बाजार में डॉलर की मजबूती से रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 95.35 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। ईरान के इजराइल की ओर कई मिसाइलें दागने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है जिससे क्षेत्र की स्थिरता एवं युद्धविराम प्रयासों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.35 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे कमजोर है। रुपया शुक्रवार को 56 पैसे मजबूत होकर 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो लगभग दो महीनों में इसकी सबसे बड़ी एक-दिवसीय बढ़त थी। केंद्रीय बैंक के विदेशी पूंजी प्रवाह को समर्थन देने और विदेशी मुद्रा नकदी मजबूत करने के उपायों की घोषणा के बाद यह बढ़त आई थी। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.33 पर रहा। सतीश मोरे/08जून ---