व्यापार
08-Jun-2026
...


- आगामी वर्ष में महंगाई और लागत बढ़ने की आशंका नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की अर्थव्यवस्था ने पिछले वित्त वर्ष में मजबूत प्रदर्शन किया, लेकिन आगामी वर्ष में इसकी विकास दर पर बाहरी चुनौतियों का साया मंडरा रहा है। एक ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को प्रभावित कर सकती हैं। इससे महंगाई और कंपनियों की लागत बढ़ने का अंदेशा है। रिपोर्ट बताती है कि इन संभावित मुश्किलों को देखते हुए वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान घटाया गया है। हालांकि, निवेश और खपत अब भी अर्थव्यवस्था को मजबूत सहारा दे रहे हैं। पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही (जनवरी-मार्च 2026) में जीडीपी 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी, जिसमें निवेश का बड़ा योगदान रहा, भले ही उपभोक्ता खर्च कुछ धीमा रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.7 फीसदी दर्ज की गई, जो पिछले साल 7.1 फीसदी से अधिक थी। उद्योग और सेवा क्षेत्रों ने इसमें सर्वाधिक योगदान दिया, खासकर मैन्युफैक्चरिंग, व्यापार और होटल सेवाओं में उछाल देखा गया। कृषि क्षेत्र की वृद्धि 3 फीसदी पर कमजोर रही। इसके बावजूद, मजबूत निवेश और खपत ने अर्थव्यवस्था को साल भर गतिशील बनाए रखा। सतीश मोरे/08जून ---